फोटो नंबर :: 7
- हरियाणा की विमुक्त, घुमंतू, अर्ध घुमंतू व टपरीवास जातियों की सलाहकार समिति के चेयरमैन राजीव जैन ने की पत्रकारों से बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। हरियाणा की विमुक्त, घुमंतू, अर्ध घुमंतू व टपरीवास जातियों की सलाहकार समिति के चेयरमैन राजीव जैन ने कहा कि फतेहाबाद में दस सितंबर को होने वाले सम्मेलन में सीएम मनोहर लाल खट्टर विमुक्त और घुमंतू जातियों के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे।
वे शुक्रवार को सिटी के एक निजी पैलेस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार इन सभी जातियों का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 26 ऐसी जातियां हैं जो विमुक्त, घुमंतू और टपरीवास की श्रेणी में आती हैं और इनकी संख्या लगभग 18 लाख से अधिक है। हरियाणा के गठन से लेकर आज तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने इन जातियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है लेकिन इनकी समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी तक भी इन समुदायों के लोग बिना मकान के सड़कों के किनारे, गांव और शहर के आसपास खुले आसमान के नीचे गुजर-बसर करने के लिए मजबूर हैं। सरकार द्वारा इन जातियों की समस्याओं के अध्ययन के लिए परामर्श समिति का गठन किया गया था और समिति के सुझाव पर ही हरियाणा में घुमंतू और टपरीवास विकास बोर्ड का गठन किया गया है। इस बोर्ड के अध्यक्ष डा. बलवान सिंह को नियुक्त किया गया है, जो टपरीवास समाज से हैं और उन्होंने जींद में टपरीवास समाज के लिए स्थापित छात्रावास के माध्यम से शिक्षा हासिल करके अपना जीवन स्तर सुधारा है।
विमुक्त और घुमंतू विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. बलवान सिंह सांसी ने कहा कि इन जातियों की समस्याओं के समाधान से संबंधित 18 सूत्रीय मांग पत्र तैयार किया गया है जो मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किया जाएगा। इन मांगों में घुमंतू और टपरीवास परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में छात्रावास की स्थापना, इनके स्वरोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए किए जाने वाले अलग-अलग कार्यों की सूची तैयार की गई है। इन समुदाय के बच्चों को प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भी प्रदान की जा रही है ताकि उच्च शिक्षा ग्रहण करके अपना जीवन स्तर सुधार सकें। उन्होंने बताया कि ऐसे परिवारों के आधार कार्ड, राशन कार्ड भी बनवाए गए हैं ताकि उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध करवाया जा सके। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, संयोजक रतन पाल गडरिया, पूर्व विधायक वीना छिब्बड़, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सरला कपूर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय लाकड़ा, विमुक्त-घुमंतू विकास बोर्ड के सदस्य जसमेर सिंह बंजारा, सोमनाथ पाल, गुरनाम सिंह बाजीगर, प्रेम सिंह, हरीश, रमेश पाल, सतीश पाल, महिंद्र, जसविंद्र सिंह, सुरेंद्र राणा, त्रिलोचन सिंह, पार्षद कृष्ण आनंद, राजेश गोयल, राज सिंह आदि मौजूद रहे।