नारायणगढ़। सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट धर्म वीर ढींडसा ने नारायणगढ़ में उपमंडल स्तर पर उपभोक्ता फोरम और उपायुक्त न्यायालय की मांग की। उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ हरियाणा प्रदेश का सबसे पुराना उपमंडल है और यहां दीवानी न्यायालय की शुरूआत भी हो चुकी है। परंतु आज तक नारायणगढ़ से संबंधित उपभोक्ता मामलों की सुनवाई उपभोक्ता फोर्म अंबाला में ही की जाती है। उन्होंने कहा कि इस बात में कोई संदेह नहीं की उपभोक्ता फोरम में ज्यादातर मामले छोटे विवादों से संबंधित होते है, जिसमें उपभोक्ता को अंबाला आने जाने और मामले की सुनवाई करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही कई मामलों में उपभोक्ता परेशानी के कारण फोरम तक जाते ही नहीं। इसी प्रकार राजस्व व अन्य मामलों की सुनवाई कलेक्टर अंबाला के न्यायालय में होती है और सुनवाई में भी क्षेत्र के लोगों को काफी सफर तय कर जाना पड़ता है जिसके कारण लोग कई बार अपने मामलों की उचित पैरवी भी नहीं कर पाते।