संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जगाधरी गेट के पास से जुआ खेलने वाले 18 आरोपियों को पुलिस ने 28079 रुपये की राशि के सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों को पैदल ही सिटी थाने तक ले गई। आरोपी बोल रहे थे कि वह दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। हालांकि पुलिस की तरफ से गाड़ी खराब होने के कारण आरोपियों को पैदल बाजार से ले जाने की बात कही जा रही है। इन आरोपियों को पुलिस ने जगाधरी गेट के पास एक दुकान से जुआ खेलते काबू किया था।
अंबाला सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाकर जुआ/सट्टा खेलने वालों के अड्डों पर रेड करके आरोपियों को काबू किया जा रहा है। कोर्ट परिसर के समीप गाड़ी खराब हो गई थी, जिस कारण आरोपियों को पैदल ही लाना पड़ा।
दुकान मालिक के खिलाफ भी कसा जाएगा शिकंजा
जुआ खेलने वालों को एक दुकान से काबू किया है, ऐसे में दुकान के संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिटी के कोतवाली सराय निवासी हैप्पी, कैंट की ग्वालमंडी निवासी दीपक, नदी मोहल्ला निवासी रवनीत, काकरू निवासी नत्थू सिंह, छोटा बाजार निवासी सुखदेव, रामपुरा मोहल्ला निवासी पवन, जग्गी कॉलोनी निवासी रामकुमार, सिटी के सेक्टर-7 निवासी हरीष, विजय नगर निवासी बिट्टू, शालीमार कॉलोनी निवासी रमीत कुमार, कैथ माजरी निवासी मोहम्मद मुमताज, सोनू नगर निवासी सलीम, बलदेव नगर निवासी धर्मपाल, सिटी के काजीवाड़ा निवासी दविंद्र, हरि मंदिर निवासी श्याम लाल, काजीवाड़ा निवासी हंसराज के रूप में हुई है।