अंबाला। छावनी के न्यू टैगोर गार्डन व गणेश विहार में चिकन पॉक्स के पैर पसारने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग के अनुसार, वीरवार को इलाके में कोई नया मरीज नहीं मिला। प्रभावित क्षेत्र में मिले चिकन पॉक्स के सभी 18 मरीजों की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। मरीजों की निगरानी के लिए वीरवार को स्वास्थ्य विभाग के विशेष डॉक्टरों की टीम लगातार दूसरे दिन भी क्षेत्र में तैनात रही।
डॉक्टरों ने घर-घर जाकर मरीजों की स्थिति जांची और दवाइयां वितरित कीं। वहीं, जिला महामारी नियंत्रक डॉ. सुनील हरि और उनकी विशेषज्ञ टीम ने घरों में आईसोलेट मरीजों का भी जायजा लिया। उन्हें पौष्टिक आहार खाने व घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है ताकि उनके संपर्क में आकर कोई ओर संक्रमित न हो सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग और सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. हरि ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सघन जांच अभियान के दौरान कोई भी नया चिकन पॉक्स का मरीज नहीं मिला है। स्थानीय लोगों से अपील की है कि वह घबराएं नहीं, बल्कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि घर में किसी को भी तेज बुखार के साथ शरीर पर दाने दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। संवाद