ड्रिप इरिगेशन विधि से पहुंचेगा खेत तक पानी : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को गांव बाड़ा में हिंदुस्तान के पहले जल क्रांति अभियान प्रोजेक्ट (जल बचत-जल संचय) का उद्घाटन कर ग्रामीणों को तोहफा दिया। नहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण हरियाणा द्वारा फेस-1 के तहत इस कार्य पर 26 लाख रुपये की लागत आई हैं। जल क्रांति अभियान के तहत ड्रिप इरिगेशन विधि के तहत हर खेत के पौधे तक पानी पहुंचेगा।
मंत्री विज वीरवार को गांव बाड़ा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों, सोयल हेल्थ कार्ड लाभार्थियों, सामाजिक क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले प्रतिभागियों सहित शिक्षा और खेल जगत में अच्छा कार्य करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। मौके पर कार्यक्रम में शहीदों पर आधारित स्क्रिप्ट पेश करने वाले विद्यार्थियों को 21 हजार देने की घोषणा की। गांव बाड़ा की ओर से सरपंच विकास बहगल ने मुख्य अतिथि को शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। विज ने इस मौके पर सरपंच विकास बेहगल द्वारा गांववासियों के सहयोग से किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जल क्रांति अभियान के तहत हर खेत तक पानी पहुंचेगा और व्यर्थ होने वाला पानी बच सकेगा। उन्होंने कहा कि फेस-2 के तहत भी अन्य प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे है, जिस पर 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी। मौके पर विक्रम सिंह नंबरदार, मंजीत सिंह, बलजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, शिव चरण व उनके साथी अन्य पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। मौके पर मंत्री विज ने कई विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
--
सरपंच ने उठाई डिस्पेंसरी की मांग
सरपंच विकास बेहगल ने गांव में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी को पीएचसी बनाने की मांग रखी। इस पर विज ने गांववासियों कहा कि जैसे ही गांव की तरफ से जमीन उपलब्ध करवा दी जाएगी, इस पर डिस्पेंसरी को पीएचसी बना दिया जाएगा। इस मौके पर एक्सईएन नीरज शर्मा ने बताया कि जल क्रांति अभियान प्रोजेक्ट केंद्र की योजना हैं और हिंदुस्तान का यह पहला प्रोजेक्ट गांव बाड़ा में लगाया गया हैं। इस मौके पर भाजपा नेता बलविंद्र सिंह शाहपुर, सरपंच विकास बेहगल, अमनीश शाहपुर, रवि चौधरी, सुरेंद्र बेहगल, रवि सहगल, संजू पंडित, धीरज कौशिक, मीडिया प्रभारी बिजेंद्र चौहान, दलबीर सिंह, गुरप्रीत बेहगल, गुरजीत बेहगल मौजूद रहे।