अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर निवासी एक युवती ने युवक पर दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग समेत कई संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक सहित अन्य के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को युवती मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची, जहां आलाधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुये आरोपी को पकड़ने की गुहार लगाई।
पीड़िता ने पुलिस को बयान दिए कि उसकी दोस्ती 2013 में मनिंद्र के साथ हुई थी। मनिंद्र उसे एक दिन होटल में ले गया, जहां उसे नशा देकर संबंध बनाए। इस दौरान मनिंद्र ने पीड़िता की अश्लील फोटो खींचे व वीडियो बना लिया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद मनिंद्र उसे ब्लैकमेल करने लगा और दो साल तक उसका यौन शोषण करता रहा। 2015 में वह विदेश चली गई, लेकिन वहां भी फोन कर आरोपी उसे धमकाता रहा। इसके बाद पीड़िता 2016 में वापस भारत आ गई। 2017 में आरोपी उसे अपने अन्य दोस्तों के साथ एक गुरुद्वारे में ले गया और वहां मैरिज सर्टिफिकेट बनवाया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को भी विदेश ले जाने का दबाव बनाने लगा और लगातार उससे पैसे भी मंगवाता रहा। जब उसे पता चला कि आरोपी शादी करने जा रहा है, तो उसने पुलिस को शिकायत दी। पीड़िता ने आलाधिकारियों को बताया कि मामले में केस तो दर्ज हो चुका है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं की गई।