युवाओं में समाज और देश को बदलने की ताकत : वरुण गांधी
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। सांसद वरुण गांधी ने कहा कि युवा एक ऐसी शक्ति है, जिसमें समाज और देश को बदलने की ताकत है। वह शुक्रवार को महर्षि मार्कंडेश्वर डीम्ड यूनिवर्सिटी में युवाओं पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह आयोजन यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति तरसेम गर्ग, सचिव डा. संजीव गर्ग व कोषाध्यक्ष डा. विशाल गर्ग के निर्देशानुसार हुआ।
वरुण गांधी ने नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य पर जोर देते हुए नासा सेंटर की बात बताई। उन्होंने कहा कि जब वे सेंटर पहुंचे थे तो देखा कि वहां 3017 में से 1700 वैज्ञानिक भारतीय हैं। उन्होंने बताया कि तेजा नामक 13 वर्षीय छात्र ने बीबीएमपी नामक एक एप्लीकेशन तैयार की जिसका कार्य सड़कों पर बने गड्ढों की जानकारी निर्माण कंपनी को भेजना है। इसी तरह समाज में कई ऐसे उदाहरण हैं, जो एक व्यक्ति द्वारा शुरू किए गए और बाद में कई लोग इससे जुड़े। समाज सेवा भी ऐसा ही फील्ड है, जिसमें हम अकेले तो चलते हैं, लेकिन साथ लोग अवश्य आते हैं। उन्होंने बताया कि आदित्य मुखर्जी द्वारा प्लास्टिक इस्तेमाल न करने के लिए जनसंपर्क, मुंबई में स्थित वर्सोवा बीच को साफ करना जैसे कई उदाहरण समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने इस दौरान विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।