मरम्मत कार्य के लिए रेलवे का मेगा ब्लॉक कल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। मरम्मत कार्यों की वजह से रेलवे द्वारा रविवार को अलग-अलग रेलमार्गों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। सुबह से शाम तक यह ब्लाक होगा जिस वजह से ट्रेनों के परिचालन पर इसका असर पड़ेगा। ब्लॉक की वजह से कुछ पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक तौर पर रेलवे द्वारा रद्द किया जाएगा जबकि कुछ के रूट परिवर्तित किए जाएंगे। ब्लॉक के दौरान कुछ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर कुछ समय के लिए रोका भी जाएगा।
रविवार को पहला ब्लॉक सहारनपुर-मुरादाबाद रेलमार्ग पर सुबह साढ़े बारह से शाम छह बजे तक लिया जाएगा। इसके अलावा अंबाला कैंट स्टेशन के यार्ड पर सुबह साढ़े 11 से दोपहर ढाई बजे तक, सहारनपुर-अंबाला रेलमार्ग पर अप लाइन पर दोपहर डेढ़ से शाम लगभग साढ़े पांच बजे तक रेलवे ब्लॉक होगा। अंबाला-लुधियाना रेलमार्ग की अप लाइन पर साढ़े दस से दोपहर ढाई बजे तक और राजपुरा-बठिंडा रेलमार्ग पर सुबह 10:20 से दोपहर 3:50 बजे तक मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
इन ट्रेनों पर होगा असर
पैसेंजर ट्रेन नंबर 54342 देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर, 54341 सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर, 54539 दिल्ली-अंबाला कैंट पैसेंजर और 54551 अंबाला-बठिंडा पैसेंजर को रविवार बीच मार्ग पर रद्द किया जाएगा। इसके अलावा 15209 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस, 64517 अंबाला कैंट-नंगलडैम पैसेंजर और 22429 दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे। 64513 अंबाला-नंगलडैम पैसेंजर, 19020 देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस 14711 हरिद्वार-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, 12053 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी एक्सप्रेस और 54758 श्रीगंगानगर-अंबाला कैंट पैसेंजर के समय में आंशिक असर पड़ेगा। रेलवे ब्लॉक के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कोट्स
रविवार को विभिन्न रेलमार्गों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें प्रभावित होंगी।
-प्रवीण गौड़ द्विवेदी, सीनियर डीसीएम, अंबाला रेल मंडल।