बारिश से मौसम सुहाना, किसानों को फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट/नारायणगढ़। सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे जहां तापमान नीचे गिर गया, वहीं सड़कों पर हुए जलभराव ने परेशानियां पैदा कर दीं। जिले में 9.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। उम्मीद है कि सप्ताहभर तक ऐसे ही हालात रहेंगे। किसानों का कहना है कि जिस तरह से यह बारिश हो रही है, उससे धान की फसल को फायदा है।
सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए थे, जबकि बारिश भी शुरू हो गई। दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जबकि इससे तापमान में भी गिरावट हुई। मौसम सुहाना हो गया, जबकि सड़कों के किनारे जलभराव से परेशनियां पैदा हो गई। अधिकतर सड़कों के किनारों पर पानी भर गया, जबकि गड्ढों में भरे पानी से दिक्कतें हुईं। उधर, नारायणगढ़ क्षेत्र में रविवार देर सायं से लगभग 20 घंटे लगातार चली बारिश से जहां किसानों के चेहरों पर रौनक छा गई है, वहीं नगर के विभिन्न क्षेत्रों में इकट्ठा हुए पानी से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड, नारायणगढ़ कॉलेज मार्ग, एसडीएम कांप्लैक्स के मुख्य द्वार आदि पर बारिश से एकत्रित हुए पानी से लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। नारायणगढ़ कॉलेज मार्ग पर टूटी सड़क व पड़े गड्ढों में भरे पानी से कॉलेज व स्कूली बच्चों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।