कैंटीन में कोटा कम करने पर भड़के पूर्व सैनिक, प्रदर्शन
- रेस्ट हाउस में जमा पूर्व सैनिकों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर जताया रोष
- पूर्व सैनिकों ने दी चेतावनी, बोले कोटा घटा तो हक के लिए करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। पूर्व सैनिकों ने आर्मी की कैंटीनों में कोटा कम करने की बात पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भड़के पूर्व सैनिकों ने जहां कोटा घटाने की बात को वापस लेने पर जोर देते हुए रोष प्रकट किया, वहीं सरकार को चेतावनी दी कि यदि पूर्व सैनिकों से उनके स्मार्ट के कोटे का हक छिना जाएगा तो देशभर के पूर्व सैनिक अपने स्मार्ट कार्ड सेना को लौटा देंगे जबकि समस्त सैनिक सीएसडी कैंटीन का भी बायकॉट कर देंगे।
वह मंगलवार एक्स सर्विसमैन वेलफेयर कमेटी की ओर से रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान रोष प्रकट कर रहे थे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार भूतपूर्व सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं को छीनना चाहती है और रिटायरमेंट के बाद सेना द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड में दिए गए कोटे में कटौती करके सरकार उनसे उनके अधिकार छीन लेना चाहती है। दरअसल, सरकार की ओर से सीएसडी कैंटीनों में सैनिकों को मिलने वाले घरेलू सामान के कोटे पर सरकार की ओर से कैंची चलाने की तैयारी की जा रही है। जैसे ही सूचना पूर्व सैनिकों को लगी तो उन्होंने एकजुट होकर बैठक की और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उधर, कमेटी प्रधान सूबेदार अत्तर सिंह मुल्तानी ने बताया कि यदि सरकार ने ये फैसला लागू किया तो आंदोलन राष्ट्रीय क्रांति का रूप ले लेगा और समस्त पूर्व सैनिक सीएसडी कैंटीनों से सामान न लेने और अपने स्मार्ट कार्ड सरकार को वापस करने की तैयारी कर लेंगे। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड सैनिकों की टीम आने वाले दिनों में सीएसडी कैंटीनों के सामने धरने देकर सरकार को जगाकर सैनिकों पर किए गए इस कुठाराघात पूर्ण फैसले को वापस लेने का दबाव बनाने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर कर्नल अमरजीत सिंह, हवलदार दिलदार सिंह, हरदीप सिंह, सीपीओ बाबू राम सैनी, खुशबीर सिंह दत्त, एचएसओ कुलवंत सिंह अंटाल, डा. केसी मेहरा, नायब मामराज सिंह, सुरेंद्र भाटिया व अन्य मौजूद रहे।