अंबाला सिटी। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केंद्र अंबाला द्वारा गांव बलाना में धान में कीट व बीमारी प्रबंधन पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गत दिनों किया गया। केंद्र के वरिष्ठ समंव्यक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. बलदेव राज कंबोज ने किसानों को खरपतवार नियंत्रण जल प्रबंधन व धान में संतुलित खाद प्रयोग बारे में विस्तार पूर्वक बताया। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दिलबाग सिंह ने धान फसल के मुख्य कीड़े जैसे तना छेदक, पत्ता लपेट सूंडी, पौधों का तेला आदि के पहचान, लक्षण व प्रबंधन के विषय में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को धान की व्याधियों जैसे बदरा रोग आभासी कंडुआ हल्दी गांठ रोग, बकानी व पदगलन आदि का पहचान तथा प्रबंधन और सुरक्षित व संतुलित कीटनाशकों के प्रयोग की जानकारी से अवगत कराया। इस शिविर में किसान हरभजन सिंह, गिन्नी, सुलतान सिंह, राजदीप, हरदेव सिंह, जतिंद्र पाल सिंह आदि प्रगतिशील किसानों ने बढ़चढ़ के भाग लिया।