चेन छीनकर आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। इस तरह आए दिन चेन स्नेचिंग की वारदातों से यह साफ है कि आरोपियों में पुलिस का खोफ बिलकुल भी नहीं रहा। ऐसी ही एक वारदात शहर जग्गी कॉलोनी में भी हुई। जानकारी के अनुसार जग्गी कॉलोनी फेस-2 निवासी बलजीत कुमारी ने बलदेव नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम करीब तीन बजे गली में अन्य महिलाओं के साथ बैठकर धूप सेंक रही थी तो उस वक्त एक युवक अचानक पीछे से आया और उसकी गर्दन से 3-4 तोले की सोने की चेन छीनकर भागने लगा। उसी वक्त उसका एक अन्य साथी बाइक पर आया और उसे बाइक पर बिठाकर वहां से दोनों फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला बलजीत कुमारी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।