एयरफोर्स स्टेशन पर आज सीएम करेंगे राष्ट्रपति का स्वागत
शिमला जाने के लिए राष्ट्रपति विशेष विमान से अंबाला आएंगे, यहां से हेलीकॉप्टर में शिमला होंगे रवाना
कई मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिमला जाने के लिए मंगलवार दोपहर को विशेष विमान से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन आएंगे। यहां अल्प समय रुकने के बाद वह हेलीकॉप्टर में आगामी यात्रा के लिए रवाना होंगे। अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उनके आगमन को लेकर एयरफोर्स, सेना व प्रशासन अलर्ट पर हैं। स्वयं सीएम मनोहर लाल प्रोटोकॉल के तहत एयरफोर्स स्टेशन पर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। उनके साथ कई मंत्री व सांसद मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे एयरफोर्स के विशेष विमान से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर आएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति कोविंद करीब दस से पंद्रह मिनट एयरफोर्स स्टेशन पर रुकेंगे जहां पर सीएम मनोहर लाल उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान सैन्य अधिकारी भी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। एयरफोर्स के ही हेलीकॉप्टर से वह आगे शिमला के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर एयरफोर्स स्टेशन के आसपास क्षेत्र में सोमवार रात से ही सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। बता दें कि इससे पहले भी रामनाथ कोविंद बीते वर्ष अंबाला एयरफोर्स स्टेशन आए थे। सांसद रतन लाल कटारिया की बेटी के विवाह समारोह में शरीक होने वह एयरफोर्स स्टेशन पर आए थे जिसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें चंडीगढ़ रोड पर स्थित रिसॉर्ट में ले जाया गया था।