सरपंच की योग्यता पर सवाल, सीएम विंडो पर शिकायत
कृपाल सिंह ने पूर्व सरपंच के आरोपों को नकारा, कहा- मुझे बदनाम करने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा। जलूबी गांव के मौजूदा सरपंच की योग्यता व उसके द्वारा गांव में करवाए जा रहे विकास कार्यों पर गांव के ही पूर्व सरपंच ने सवालिया निशान लगा दिए हैं। पूर्व सरपंच ने आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरपंच ने चुनाव अधिकारियों का चकमा देकर नकली प्रमाण पत्र दिया और चुनाव लड़ गांव की सरपंची हासिल की है। सरपंच का स्कूल प्रमाणपत्र नकली है।
गांव के पूर्व सरपंच लेखराज ने सीएम विंडो पर शिकायत कर प्रमाणपत्र की जांच करवाने की मांग की है। वहीं आरोप लगाया कि सरपंच ने गांव में जो विकास कार्य करवाए हैं, उनमें भी धांधली की है। गांव की गलियां में नालियों की निर्माण सामग्री घटिया स्तर की इस्तेमाल की है। यह काम सरपंच ने ठेकेदारों की मिलीभगत से करवाया जा रहा है और फर्जी बिल पास करवाए गए हैं। इतना ही नहीं गांव की आबादी वाले तालाब, जो गांव की फिरनी के साथ है, इसमें मिट्टी डालकर सरपंच से मिलीभगत करके कब्जा करके किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। सरपंच द्वारा स्ट्रीट लाइटों का फर्जी बिल पास किया गया है, क्योंकि जैसे पहली लाइटें थी वैसी ही लग रही हैं जो एक दिन भी लाइट नहीं चली उसके बाद उतार दी गईं।
कोट
मुझ पर जो आरोप लगाए हैं वह निराधार व बेबुनियाद हैं। लेखराज मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
- कृपाल सिंह, सरपंच जलूबी।