फोटो नंबर :: 13
कूड़ा उठाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
- अंबाला सदर क्षेत्र में ठोस कूड़ा उठान के लिए खरीदे गए तीन नए ट्रक व 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली
- मुख्यमंत्री किसान खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत दी आर्थिक सहायता
7 सितंबर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह अंबाला छावनी से सदर क्षेत्र में ठोस कूड़ा उठान के लिए निगम द्वारा खरीदे गए तीन ट्रक और 6 ट्रैक्टर-ट्रालियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ट्रैक्टर-ट्रालियां सब कूड़ा कलेक्शन सेंटरों से प्रत्येक वार्ड में बने मुख्य कूड़ा कलेक्शन सेंटर तक कूड़ा पंहुचाएंगी। यहां से बड़े ट्रकों के माध्यम से इस कूड़े को ठोस कूड़ा प्रबंधन प्लांट पटवी में पंहुचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अम्बाला के साथ-साथ नजदीक लगते जिलों के लिए बनाए गए कुड़ा प्रबन्धन कलस्टर के तहत पटवी में 600 करोड़ रुपए की लागत से ठोस कूड़ा प्रबंधन प्लांट नए सिरे से लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्लांट को नवीनतम तकनीक से तैयार किया जाएगा क्योंकि पूर्व सरकार द्वारा पटवी में लगाए गए प्लांट में खामियां होने के कारण यह प्लांट न केवल ठप्प पड़ा है बल्कि सरकार का आर्थिक नुकसान भी हुआ है। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए और बेहतर कदम उठाएं। इससे पूर्व निगम द्वारा अम्बाला सदर क्षेत्र में सड़कों से धूल-मिट्टी की सफाई के लिए भी वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं और नालों की सफाई के लिए भी आधुनिक तकनीक की मशीने खरीदने के लिए अध्ययन किया जा रहा है।
उधर, मंत्री अनिल विज ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह अंबाला छावनी में मुख्यमंत्री किसान खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत 3 लोगों को 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के चैक प्रदान किए। यह आर्थिक सहायता ऐसे लोगों के परिजनों को मार्किट कमेटी के माध्यम से दी जाती है, जिनकी कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना होने पर मृत्यु हो जाती है। कृषि कार्य में विभिन्न प्रकार की विकलांगता के लिए भी पीड़ित व्यक्ति को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। विज ने गांव शाहपुर की सुरजीत कौर और शेखुपुर माजरा की सुमन देवी को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के चैक प्रदान किए। इसी प्रकार गांव औजलां के शुभम को भी 1.25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का चैक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, सिविल सर्जन डा. विनोद गुप्ता, डीएसपी सुरेश कौशिक, भाजपा नेता सोम चोपड़ा, बलविंद्र सिंह, जसबीर जस्सी, मीडिया सलाहकार डा. अनिल दत्ता, जगदीश अरोड़ा, विजेंद्र चौहान, रणधीर सिंह पंजोखरा, आशीष गुलाटी, दीप चंद, राम लाल, राजकुमार राजा, ललित चौधरी, सुरेन्द्र बिन्द्रा, रवि सहगल, सुनील चोपड़ा आदि मौजूद रहे।