अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट/बराड़ा।
डेरा प्रकरण में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को काबू किया है। एक आरोपी राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी बराड़ा नामचर्चा घर से मिले पेट्रोल बम के मामले में काबू किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
थाना पड़ाव में दर्ज राजद्रोह व सरकारी आदेश की उल्लंघना करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस दल ने आरोपी नरेश कुमार उर्फ टोनी निवासी नजदीक खेड़ा बब्याल थाना महेश नगर को केडी अस्पताल अंबाला के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में 25 अगस्त को थाना पड़ाव पुलिस की ड्यूटी मोहड़ा थी, जबकि इसी दौरान सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों को भड़का रहा है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में तीन अन्य आरोपी पहले ही पुलिस पकड़ में आ चुके हैं, जबकि इनकी निशानदेही पर 38 लाख रुपये भी बरामद हुए थे। पकड़े गए आरोपियों नेे पूछताछ के दौरान बताया था कि आरोपी नरेश कुमार उर्फ टोनी निवासी नजदीक खेड़ा बब्याल थाना महेश नगर भी इस मामले में संलिप्त है। पुलिस ने आरोपी नरेश को काबू किया और अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
उधर, नाम चर्चा घर में पेट्रोल बम, लाठियां व तेजधार हथियार मिलने के मामले में बराड़ा पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों को गत दिनों हिरासत में लिया था। जांच के बाद पुलिस ने एक पदाधिकारी प्रवीण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जिसे मंगलवार कोर्ट में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
बराड़ा पुलिस ने बीते रोज एसडीएम बराड़ा गिरीश कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी की थी। इस दौरान स्टोर रूम से करीब 21 बोतलें पेट्रोल बम की मिली वहीं दीवार के पीछे खेतों से लाठियां व तेजधार हथियार मिले थे। हालांकि कुछ ऐसे औजार थे जो घास काटने के काम आते थे। बराड़ा पुलिस ने इस केस में कई जगह दबिश देकर लोगों को जांच के लिए पकड़ा जिसमें से एक पदाधिकारी प्रवीण कुमार पर मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। उसे दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। माना जा रहा है कि नाम चर्चा घर से मिले 21 पेट्रोल बम में कई लोगों का हाथ हो सकता है। इस बारे में एसएचओ बराड़ा सुनील कुमार का कहना है कि कुछ लोग जांच के लिए हिरासत में लिए गए थे लेकिन इसमें से प्रवीण कुमार पदाधिकारी पर मामला दर्ज किया है। अभी पुलिस बम बनाने वाले की तलाश कर रही है। आखिर वह कौन है जिसने बोतलों में पेट्रोल डाल कर बम बनाए जो समय आने पर चलाए जाने वाले थे। अब जल्द पुलिस का हाथ बम बनाने वाले के गिरेबान पर होगा।