अंबाला सिटी। जिला रेड क्रास सोसायटी अंबाला द्वारा रविवार को सुबह नौ बजे से बाद दोपहर तीन बजे तक सामुदायिक केंद्र केसरी में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सोसायटी की सचिव विजया लक्ष्मी ने बताया कि फिलाडेल्फिया मिशन अस्पताल और डॉ. नानक चंद वधावन मेमोरियल अस्पताल मोहड़ा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच के साथ-साथ दवाईयां भी निशुल्क दी जाएंगी। शिविर में मिशन अस्पताल और डॉ. नानक चंद अस्पताल के विशेषज्ञों चिकित्सकों की टीम मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेगी।
पढ़े भारत-बढ़े भारत प्रतियोगिता का आयोजन
अंबाला सिटी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन अंबाला शहर में खंड स्तरीय पढ़े भारत-बढ़े भारत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुधरी कालड़ा की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूसरी व तीसरी कक्षा के बच्चों ने कहानी ने कहानी लिखने, पढ़ने व सुनाने की प्रतियोगिता में भाग लिया। ब्लॉक वन के 122 स्कूलों में से 62 स्कूलों ने शनिवार व 160 स्कूलों ने 19 अगस्त को भाग लेना है। शनिवार लगभग 250 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। निर्णायक मंडल में विभिन्न स्कूलों के हिंदी व संस्कृत के प्राध्यापक शामिल किए गए थे। अंतिम निर्णय 19 अगस्त को प्रतियोगिता होने के उपरांत किया जाएगा।