अंबाला सिटी/कैंट। फ्रेंडशिप डे और राखी के त्योहार का उत्साह बाजारों में दिखाई दे रहा है। कैंट व सिटी के बाजार रंग बिरंगी रखियों व फ्रेंडशिप डे के लिए दुकानों में गिफ्ट खरीदने वालों की भीड़ रही। जहां युवक व युवतियां रविवार को फ्रेंडशिप डे मनाने के लिए बैंड खरीद रहे थे, वहीं दूसरी ओर महिलाएं व युवतियां अपने भाईयों की कलाई पर बांधने के लिए राखियों की खरीददारी कर रही थी। बाजारों में मिठाई के स्थान पर चाकलेट व अन्य मीठी वस्तुओं के पैकिंग वाले डब्बों की खरीदारी ज्यादा रही।
सुबह 5:45 से दोपहर 1:40 तक है राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
पंडित देव मित्र पांडेय ने बताया कि सोमवार को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 45 मिनट से शुरू हो जाएगा व यह मुहूर्त दोपहर के 1 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। इस समय के मध्य में बहनें अपने अपने भाईयों को राखी बांध सकती है क्योंकि इसके बाद चंद्रगहण का सूतक शुरू हो जाएगा।
परंपरागत राखियों के साथ कार्टून वाली राखियों का क्रेज
दुकान राहुल ने बताया कि इस बार जहां सिंपल धागे, मोतियों वाली राखी, मिन्नी डायमंड, बीग डायमंड, ओम, गणेश, की राखियों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है वहीं वहीं बच्चों को बालवीर, छोटा भीम, डोरेमोन, व अन्य कार्टून की राखियां पसंद आ रही है। वहीं उन्होंने बताया कि इस वर्ष भारत में बनी राज्य की परंपराओं से संबंधित राखियों का क्रेज भी बढ़ा हुआ है।
चाकलेट का क्रेज इस बार ज्यादा
मिलावट की खबरों के कारण लोग मिठाई से अब परहेज करने लगे हैं। वहीं चाकलेट व अन्य वस्तुएं उनकी पहली पसंद बन गए हैं। इसी को लेकर दुकानों पर विभिन्न खाने के सामान की बहुत सुंदर तरीके से पैकिंग करके रखा गया है। दुकानदार दीपक ने बताया कि इन टोकरियों की कीमत 80 रुपये से शुरू होकर 500 व उससे अधिक तक है।
शनिवार कालेजों में मनाया फ्रेडशिप डे
रविवार को फ्रेडशिप डे होने के कारण कालेजों में छात्रों ने शनिवार को ही फ्रेडशिप डे मनाया। एक दूसरे को फ्रेडशिप बैंड पहनाकर दोस्ती का इजहार किया गया। इस दिवस को मनाने के लिए छात्रों में काफी उत्साह नजर आया। सभी दोस्तों ने एक दूसरे के हाथों में बैंड डालकर इस दिवस की बधाई दी।