अंबाला कैंट। बस स्टैंड के नए गेट के पास शुक्रवार देर रात को एक महिला यात्री ने उस समय मनचले व्यक्ति की धुनाई कर दी जब व्यक्ति बस स्टैंड के बाहर खड़ा होकर महिलाओं की ओर इशारे कर रहा था। व्यक्ति को पीटता देख यात्रियों का जमावड़ा लग गया। सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी थी। बताया जाता है कि बस स्टैंड के बाहर एक महिला यात्री जोकि जगाधरी से अंबाला कैंट बस स्टैंड पर पहुंची थी। महिला बस स्टैंड के बाहर ही अपने परिचित का इंतजार कर रही थी कि अचानक से मनचले व्यक्ति ने महिलाओं को सताना शुरू कर दिया और अश्लील इशारे शुरू कर दिए। महिला ने तुरंत ही मनचले व्यक्ति को काबू किया और थप्पड़ व घूसों से पिटाई कर दी।