नाइट डोमिनेशन में 150 वाहनों के चालान, एक देसी कट्टा भी बरामद
पुलिस ने शनिवार देर रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान जहां 150 वाहनों के चालान किए गए, वहीं एक व्यक्ति को देसी कट्टे समेत पकड़ा गया। अभियान के दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी, निरीक्षक, सभी थाना प्रबंधक, कार्यभारी पुलिस चौकी, सभी पीसीआर, एनएच पीसीआर, मोटर साइकिल राइडर/वायुदूत मोटर साइकिल राइडर, यातायात स्टाफ और कार्यालय से 90 प्रतिशत पुलिस बल ड्यूटी पर तैनात रहा। एसपी अभिषेक जोरवाल ने बताया कि नाइट डोमिनेशन के समय जिले भर में 41 नाके लगाए गए, 1808 वाहनों को चेक किया गया, 150 वाहनों के चालान काटे गए, जिनमें से 04 चालान ऐसे वाहन चालकों के किए गए जो शराब पीकर वाहन चला रहे थे, जबकि 08 वाहन जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान 133 व्यक्तियों के अजनबी पर्चे काटे गए। इसके अलावा जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए 02 अभियोग अंकित करके 2 अभियुक्तों को बंदी बनाकर उनसे 2480 रुपये बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते 12 बोतलें अंग्रेजी शराब और 07 बोतलें अवैध देशी शराब बरामद की गई।
इसी प्रकार नाइट डोमिनेशन के दौरान सीआईए स्टाफ नारायणगढ़ की स्पेशल टीम ने बस स्टैंड अम्बली से गुप्त सूचना के आधार पर नारायणगढ़ के एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित काबू किया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी की पहचान वैंकट गर्ग के रूप में हुई है, जो अपने साथियों का इंतजार कर रहा था।