नारायणगढ़। कनाडा भेजने के नाम पर नारायणगढ़ के मिल्क गांव निवासी कृष्ण पाल से 16 लाख की ठगी हो गई। पीड़ित ने पंचायती फैसले में छह लाख रुपये मिलने की बात कही है लेकिन बाकी पैसे मांगने पर धमकाने और गलीगलौज के आरोप लगाए।
नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मोहाली के रुद्राक्ष ग्रुप के राकेश रिखी, कैलाश सेठी, कनिका शर्मा, रोहित एडवाइजर, किरण ठाकुर, अमित शर्मा, हेमंत, हरविंद्र सिंह पब्लिक एडवाइजर, गुरप्रीत सिंह, मनराज, इंद्रजीत, रोहित शर्मा, पीयूष तिवारी, अरुण कुमार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक इनमें से अरुण को छोड़कर 13 आरोपी जेल में है।
शिकायतकर्ता कृष्ण पाल ने बताया कि वह अपने बेटे विशाल वालिया को कनाडा भेजना चाहता था। सात मई 2024 को थाने में शिकायत देने के बाद पंचायती फैसला हो गया था लेकिन आरोपियों ने छह लाख रुपये ही दिए। बाकी पैसे मांगने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि उसकी एजेंटों के संग मुलाकात नारायणगढ़ के गोकुलधाम निवासी अरुण के जरिए हुई थी। आरोपियों ने 19 लाख रुपये में बेटे को कनाडा भेजने की बात कहीं थी। 16 लाख लेने के बाद तीन लाख रुपये पहुंचने के बाद देने के लिए बोला था।