अंबाला कैंट। ट्रेन में सवार 41 वर्षीय व्यक्ति को घबराहट हुई तो वह ट्रेन के गेट पर हवा लेने के लिए पहुंच गया। इसी दौरान उसे चक्कर आ गया, जिससे वह गांव तंदवाल के समीप ट्रेन से नीचे गिर गया। ट्रेन रुकने पर युवक की पत्नी ने स्टेशन मास्टर की मदद ली और एबुलेंस को लेकर मौके पर पहुंची। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
सहारनपुर निवासी महिला कमलदीप कौर ने बताया कि वह अपने पति इंद्रप्रीत सिंह (41) के साथ सहारनपुर-चंडीगढ़ नांगल डैम पैसेंजर ट्रेन से सहारनपुर से चंडीगढ़ जा रही थी। रास्ते में सुबह करीब साढ़े आठ बजे पति को गर्मी लगने पर घबराहट महसूस हुई। इसके बाद वह हवा लेने के लिए ट्रेन के दरवाजे पर चले गए। इस दौरान उन्हें उल्टी भी हुई। अचानक चक्कर आने पर वह गांव तंदवाल के पास ट्रेन से नीचे गिर गए। इसके बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया। ट्रेन कुछ धीमी हुई, लेकिन कमलदीप नीचे नहीं उतर पाई। चेन पुलिंग के बाद भी ट्रेन अपने स्टॉपेज केसरी स्टेशन पर रुकी। इसके बाद कमलदीप नीचे उतरी और स्टेशन मास्टर से मदद मांगी। वहां से एंबुलेंस लेकर वह तंदवाल पहुंची। इसके बाद इंद्रप्रीत सिंह को सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।