अंबाला सिटी। शहर के नसीरपुर क्षेत्र में इन दिनों पीने के पानी समस्या गहराई हुई है। वहां के बाशिंदों को पानी के अभाव में दूसरी कॉलोनियों में लगे ट्यूबवेलों से बर्तनों में पानी लाना पड़ रहा है जबकि उनके लिए यह बहुत ही जोखिम भरा कार्य है। नसीरपुर के लोग अंबाला-हिसार मुख्य मार्ग को क्रास करके गणेश विहार व रूपोमाजरा के साथ लगते एक ट्यूबवेल से पीने का पानी ला रहे हैं। गत दिनों क्षेत्र का व्यक्ति पानी भरने जा रहा था जब वह हाईवे पर वाहन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। नसीरपुर वासी दिलबाग रॉय शर्मा, स्वर्ण कौर, अंग्रेज सिंह, जुगल किशोर, काका सिंह, जेलदार तुलसा सिंह आदि ने जन स्वास्थ्य विभाग को ही इस घटना का दोषी ठहराया था। व्यक्ति की जान जाने के बाद भी जन स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुली है।
लोड बढ़वाने के चक्कर में बंद पड़ा नया ट्यूबवेल
हालांकि नसीरपुर में नया ट्यूबवेल लगवाया गया है लेकिन वह लोड बढ़वाने के चक्कर में बंद पड़ा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जहां पर नया ट्यूबवेल लगवाया गया है, वहां पहले पुराना ट्यूबवेल था जो खराब हो चुका है। क्योंकि वह ट्यूबवेल नहरी पानी की सप्लाई देने के लिए था इसलिए उसका लोड कम था। क्षेत्रवासियों ने बिजली वितरण निगम व जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वह जल्द-से-जल्द लोड़ बढ़वा कर नये ट्यूबवेल को चालू करवाएं। ताकि लोग दूर-दराज के क्षेत्रों में पानी लाने से बचे। स्थानीय निवासियों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभाग से अपील की है कि वह शीघ्र ही ट्यूबवेल को लोड बढ़वाकर उसे पुरानी ही पाइप लाइन में जोड़ दें ताकि कॉलोनीवासियों को शुद्ध पानी प्राप्त हो सके।
नसीरपुर क्षेत्र में नया ट्यूबवेल लगाया है। लोड बढ़वाने के लिए स्वीकृति भेजी हुई है। जैसे ही लोड बढ़ जाएगा वैसे ही ट्यूबवेल चालू कर दिया जाएगा।
दिनेश गाबा, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग, अंबाला।