अंबाला सिटी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अंबाला पुलिस अब जीरो टॉलरेंस पर चालान करेगी। इसी कड़ी में 8 जून को जीरो टॉलरेंस डे भी मनाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की लापरवाही के कारण कई बेकसूर हादसों का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से कई जागरूकता शिविर भी लगाए गए। हालांकि लोग जागरूक तो हुए, लेकिन अभी भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि इसी कमी को दूर करने के लिए 8 जून को जीरो टॉलरेंस डे मनाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद भी अगर लापरवाह वाहन चालक बाज नहीं आए तो उनका चालान होगा। एसपी मोहित हांडा ने कहा कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेलट लगाए, निर्धारित आयु से कम आयु के वाहन चालकों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, शराब पीकर गाड़ी चलाना, ओवर स्पीड व गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों पर सख्ती बरतने के लिए प्रत्येक जिले में जीरो टॉलरेंस डे मनाया जा रहा है। अब प्रत्येक शुक्रवार को वाहन चालकों को सद्भाव तरीके से यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा और शनिवार को जीरो टॉलरेंस डे मनाया जाएगा।
लगेंगे बॉडी कैमरे
सभी ट्रैफिक इंचार्ज को बॉडी कैमरे दिए जाएंगे, जो उनकी वर्दी पर लगा होगा। इससे अगर कोई लापरवाह वाहन चालक किसी प्रकार का दुर्व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। ऐसे मामले अक्सर सामने आते हैं कि कई बार वाहन चालक पुलिस कर्मियों पर भी अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हैं, ऐेसे में मौके पर मौजूद ट्रैफिक इंचार्ज की वर्दी पर लगे कैमरे में पूरी बात रिकॉर्ड होगी। अगर कोई चालान से बचाने के लिए किसी प्रकार की सिफारिश करेगा तो उसकी रिकॉर्डिंग भी कैमरे में होगी। बॉडी कैमरे एसपी कार्यालय से ऑपरेट होंगे। इससे किसी भी नाके पर हर प्रकार की गतिविधि पर एसपी ऑफिस से नजर रखी जाएगी।