अंबाला कैंट। सेंट्रल फीनिक्स क्लब में चल रही शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शनिवार को दस मीटर आईएसएसएफ पिस्टल इवेंट में सरबजीत सिंह ने बढ़त बनाते हुए टॉप 581 का स्कोर हासिल किया। जबकि एनआर पिस्टल इवेंट में 376 अंकों के साथ बाबू राम ने बढ़त बनाई।
आईएसएसएफ राइफल इवेंट में 586 अंकों के साथ हरमन आनंद बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि एनआर राइफल ईवेंट में 381 अंकों के साथ प्रदीप ने बढ़त बनाई। प्रतियोगिता का अंतिम राउंड रविवार को होगा और इसी दौरान विजेता खिलाड़ियों की घोषणा की जाएगी। क्लब के शूटर टेरर्स क्लब की ओर से आयोजित द्वितीय शूटिंग प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से करीब डेढ़ दर्जन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को प्रतियोगिता के दौरान क्लब के चेयरमैन डॉ. नीरज पराशर ने खिलाड़ियों से बातचीत की और सुविधाओं का जायजा लिया।