दिनभर छाए बादल, शाम को बूंदाबांदी से बढ़ी ठिुठरन
फोटो नंबर : 40
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कड़ाके की सर्दी के बाद शनिवार सुबह तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई, मगर फिजा पर हलके बादल छाए रहे। शाम होते-होते बूंदाबांदी शुरू हो गई जिसके बाद फिर से ठिठुरन बढ़ गई। सर्दी में लोग एक बार फिर घरों में दुबक गए।
शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा जोकि सामान्य से दो डिग्री अधिक था, वहीं अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री रहा। दिन में बेशक फिजा पर बादल छाए रहे, मगर सर्दी से पिछले कुछ दिनों के मुकाबले कुछ राहत थी। सुबह हलकी धुंध भी रही जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। शाम होते-होते फिर बादल छाए व हलकी बूंदाबांदी आरंभ हो गई। शाम को पार्कों व अन्य स्थानों पर लोग सैर सपाटा कर रहे थे और बूंदाबांदी के दौरान तुरंत वह इससे बचने के लिए घरों की ओर दौड़े। बूंदाबांदी के बाद रात को मौसम पहले के मुकाबले ज्यादा सर्द हो गया जिस कारण लोग घरों में दुबके रहे। मुख्य सड़कों व बाजारों में शनिवार होने के बावजूद शाम एवं रात्रि के समय ट्रैफिक कम था।
धुंध बढ़ने और तापमान गिरने का अनुमान
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आगामी दिनों में धुंध बढ़ने और तापमान गिरने की संभावना जताई है। रविवार एवं सोमवार को दिन में धुंध पड़ेगी जबकि तापमान में गिरावट होगी। हालांकि दिन में मौसम इस दौरान साफ रहेगा। लोहड़ी तक तापमान इस चाल में चलेगा जबकि इसके बाद कुछ अंतर होगा।
रेल व सड़क परिवहन पर असर
उधर मौसम की वजह से रेल एवं सड़क परिवहन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को भी लंबी दूरी की कई ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। सुबह धुंध की वजह से खासकर बिहार एवं यूपी से आने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों लेट रहीं। इसी तरह जीटी रोड पर सुबह धुंध रही जिस कारण वाहनों की रफ्तार धीमे रही।