स्कूल इंचार्ज और टीचर का तबादला
लोगों ने इंचार्ज पर लगाया था पेड़ कटवाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा। बीईओ बराड़ा रामप्रकाश ने डीईओ के आदेश पर घेलड़ी गांव स्थित स्कूल के इंचार्ज मनफूल व अध्यापक सुनील कुमार का तबादला कर दिया है। स्कूल इंचार्ज मनफूल को गांव तंदवाल स्कूल व सुनील को गांव तंदवाली के स्कूल में नियुक्ति दे दी है। बीईओ बराड़ा राम प्रकाश ने डीईओ अंबाला के आदेश पर गांव के लोगों की मांग पर दोनों का तबादला किया है।
गांव के रहने वाले अमरनाथ व अक्षय राणा ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने स्कूल की पंचायती जमीन से इंचार्ज द्वारा पेड़ काटे जाने का मामला उजागर किया था, जिसके चलते इंचार्ज मनफूल ने उनकी शिकायत बीईओ को दी। जिसमें बीईओ बराड़ा राम प्रकाश ने मुलाना थाना में शिकायत दी है। अमरनाथ व अक्षय ने बताया कि पुलिस उनको बार-बार तंग कर रही है जबकि उनका कोई कसूर नहीं है। स्कूल से पेड़ काटना सरासर गलत बात है। स्कूल का पैसा स्कूल में लगाया जाना चाहिए जबकि पैसा स्कूल खाते में न जाकर पंचायत खाते में दिया गया है।