विज ने कैंसर केयर सेंटर के निर्माण कार्य का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को सिविल अस्पताल अंबाला छावनी का अचानक दौरा किया और वहां कैंसर केयर सेंटर के चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि यह अस्पताल भवन निर्धारित समय में बनकर तैयार हो सके। इससे पूर्व उन्होंने पीठ में दर्द होने पर अस्पताल में चेकअप कराया।
बता दें कि मंत्री विज को दो-तीन दिन से पीठ में दर्द हो रहा था। इसी कारण वह अनाज मंडी में दिव्यांगों के लिए आयोजित कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए थे। इसको लेकर वह वीरवार सुबह साढ़े दस बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डाक्टरों से चेकअप और एक्सरे करवाया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कैंसर केयर सेंटर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व छावनी में 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए सिविल अस्पताल भवन की न केवल पूरे प्रदेश में सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।
इस मौके पर एसएमओ डा. सतीश और डा. विनय ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। इसके अलावा प्रबंधक अभय कुमार ने भी स्वास्थ्य मंत्री को कैंसर केयर सेंटर के निर्माण संबंधी जानकारी दी। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि अस्पताल भवन के निर्माण के लिए खुदाई का 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अगस्त मास के दौरान हो रही वर्षा के कारण खुदाई का कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह में खुदाई संबंधी कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
डा. सतीश गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा कैंसर केयर सेंटर की स्थापना के लिए केंद्र व राज्य सरकार से 56 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाई है। चार मंजिला इस अस्पताल भवन का निर्माण स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल द्वारा किया जा रहा है और शिलान्यास के दिन से ही एजेंसी द्वारा निर्माण आरंभ कर दिया गया था।