हर जिले में बनाए जाएंगे इंडोर स्टेडियम : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रत्येक जिले में विभिन्न खेलों के लिए 25 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा हर जिले में उस क्षेत्र के लोकप्रिय एक-एक खेल के लिए स्वर्ण जयंती सेंटर ऑफ एक्सिलेंस भी स्थापित किए जाएंगे। इन पर पांच-पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। वहीं खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधा और उचित मार्गदर्शन के लिए प्रत्येक जिले में खेल सुविधा केंद्र स्थापित करने की भी योजना है और ऐसे सुविधा केंद्र के निर्माण पर तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। मंत्री विज शनिवार को अपने आवास पर लोगों से खेल विभाग की परियोजना पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये की बॉक्सिंग प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया है। खेल गतिविधियों के प्रभावी और पारदर्शी आयोजन के लिए सरकार द्वारा स्पोर्ट्स काउंसिल एक्ट को मंजूरी दी जा चुकी है और अब राज्य, जिला, ब्लाक और निगम स्तर पर स्पोर्ट्स काउंसिल स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने सामान्य खेलों के साथ-साथ पैरा ओलंपिक व दिव्यांगों की खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष प्रयास आरंभ किए है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने हरियाणा खेल एवं शारीरिक उपयुक्ता नीति 2015 बनाई है। इस दौरान मंत्री ने कैंट में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा की।