एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने काले बिल्ले लगाकर जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के साथ-साथ अन्य कॉलेजों में एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने काले बिल्ले लगाकर विद्यार्थियों को पढ़ाया। एसोसिएशन की जिला प्रधान डॉ. तंजुम कंबोज ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन चंडीगढ़ में एक्सटेंशन पर लाठीचार्ज व सीएम से मुलाकात का समय नहीं मिलने पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के एक्सटेंशन लेक्चरर मांगों को लेकर नौ दिन से पंचकूला उच्च्तर शिक्षा निदेशालय पर धरना दिए हुए हैं। चार मार्च को एक्सटेंशन लेक्चरर ने सीएम हाउस पर प्रदर्शन का निर्णय लिया था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया जिसमें कई घायल हो गए। उन्होंने बताया कि एक्सटेंशन लेक्चरर की मांग है कि उन्हें जॉब सिक्योरिटी प्रदान की जाए। किसी भी तरह की नई भर्ती या फिर ट्रांसफर के कारण उन्हें नौकरी से नहीं निकाला जाए। उन्होंने बताया कि यूजीसी नियमों के मुताबिक सभी प्राध्यापक नेट व पीएचडी हैं लेकिन फिर भी उन्हें स्कूलों में कार्यरत पीजीटी से भी कम वेतन दिया जा रहा है। साथ ही बताया कि लाठीचार्ज के बाद मुख्यमंत्री के पीए ने एक्सटेंशन लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की सीएम से मुलाकात का भरोसा दिलाया था। लेकिन अभी तक सीएम से मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सीएम ने जल्दी ही मुलाकात कर समस्याओं का समाधान नहीं किया तो एक्सटेंशन लेक्चरर्स बजट सत्र में ही विधानसभा का घेराव करेंगे। इस मौके पर कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरार प्रो. नीलम, प्रो. हरीश सोनी, प्रो. शक्ति, प्रो. ब्रिजेश, डॉ. संदीप सैनी, प्रो. हितेश भारद्वाज, प्रो. सुरेश रंगा, प्रो. ममता, प्रो. रजनीश, रितेश जस्सल, प्रो. प्रभजोत, प्रो. संदीप आदि मौजूद रहे।