महिला कांग्रेस ने फूंका शिक्षामंत्री का पुतला
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
जींद रैली में राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा पर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा द्वारा की गई कथित टिप्पणी को लेकर महिला कांग्रेस ने अंबाला में काले गुब्बारे फोड़े और शिक्षामंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा को माफी मांगने को कहा है। ऐसा न करने पर आंदोलन करने का ऐलान किया है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता वेणु अग्रवाल की अगुवाई में कैंट के कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। इसके बाद कांग्रेस भवन के बाहर महिलाओं ने रामबिलास शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की और काले गुब्बारे फोड़कर शिक्षामंत्री का पुतला जलाया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए वेणु अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेता महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते। ये कैसे शिक्षामंत्री हैं जो कभी नेहरू पर तो कभी महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। वेणु अग्रवाल ने कहा कि महिला कांग्रेस अब उसी घग्गर नदी के पुल पर रामबिलास शर्मा के खिलाफ मोर्चा गाड़ेगी, जिसमें उन्होंने सैलजा जैसी सुलझी हुई नेता की सियासत डुबाने का झूठा दम भरा है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यदि शिक्षामंत्री ने सैलजा पर बोले गए शब्द वापिस नहीं लिए तो वे जहां भी जाएंगे महिला कांग्रेस उन्हें काले झंडे दिखाकर उनका स्वागत करेगी। इस अवसर पर पुष्प गुप्ता, कमलेश, प्रिया, प्राची, अंशिका और अंजू आदि ने भी नाराजगी व्यक्त की।