अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। माजरा-शहजादपुर से एनएच 73 तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर जहां सड़क बनाई जाएगी वहीं रास्ते में पडने वाली नदी पर भी पुल बनाया जाएगा। इस पर दो करोड़ 60 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे सबसे अधिक लाभ गांव माजरा के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढने वाली छात्राओं को होगा जोकि गांव सादिकपुर, बीबीपुर, बुर्ज तथा सलौला आदि गांवों से आती है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर बनने वाली सड़क व पुल का शिलान्यास राज्य मंत्री नायब सैनी द्वारा गत तीन दिसंबर को किया जा चुका है।
सड़क व पुल के निर्माण का शिलान्यास होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। माजरा गांव की सरपंच कमलेश कुमारी व रविंद्र मोहन ने इस कच्चे रास्ते पर पुल व सड़क का शिलान्यास होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग एक लंबे समय से नदी पर पुल की मांग करने के साथ-साथ कच्चे रास्ते को पक्का करने की मांग कर रहे थे। सरपंच का कहना है यह रास्ता पक्का होने व सड़क बनने से लोगों को आवा जाही में सुविधा होगी।
- माजरा के ही रणजीत सिंह, भागवंती का कहना था कि गांव के लोग एक छोटे रास्ते से एनएच 73 की दूसरी ओर पडने वाले गांवों की ओर जा सकेगें और वर्षा के दिनों में भी लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी।
- गांव बीबीपुर के नरसिंह, रामसिहं, बलदेव सलौला तथा पतरेहड़ी के शुभु यादव आदि का कहना था कि सबसे अधिक लाभ गावं सादिकपुर, सलौला, बीबीपुर, बुर्ज आदि के लोगों को होगा इन गांवों के लोग एनएच 73 की बजाय सीधे इस रास्ते से माजरा-शहजादपुर पहुंच सकेगें। इन कहना है कि एनएच पर यातायात अधिक होने से हर समय दुर्घटना का भी डर रहता है। इस मार्ग पर सड़क व पुल बन जाने के बाद क्षेत्रवासियों को एक सुगम मार्ग उपलब्ध हो सकेगा और जो लोग शहजादपुर के बाजार में अपनी दैनिक जरूरत का सामान आदि खरीदने आते है। उन्हें माजरा के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल व शहजादपुर के स्कूलों में आने वाली छात्राओं और छात्रों को भी लाभ होगा।
क्या कहते है एसडीओ
पीडबल्यूडी विभाग के एसडीओ नवीन खत्री का कहना है कि इस मार्ग पर पुल और सड़क का टेंडर हो चुका है जिस पर 2.60 करोड़ लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस मार्ग पर 400 मीटर सड़क तथा 9 स्पैन और 10 मीटर का पुल बनेगा।
--------------------------------------