तीन बार सीएम विंडो और अधिकारी से लेकर विधायक तक बताई समस्या, फिर भी हल नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना।
गांव धीन के पास स्थित डेरा रामनगर के दर्जनों किसानों के लिए उनकी जमीन से सटा हुआ सरकारी नाला जी का जंजाल बना है। हर फसल के सीजन में नाले का ओवरफ्लो पानी खेतों में पहुंचकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है, जिसके चलते अब किसान नाले से सटे 50 एकड़ से ज्यादा जमीन में खेती करने से भी कतरा रहे हैं। वहीं प्रशासन को भी कई बार शिकायतें दी गई मगर समस्या का समाधान न निकाल सका। प्रशासन के रवैये से नाराज दर्जनों किसानों ने वीरवार सुबह प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह कहते हैं किसान
किसान जगदीप, दिनेश, जॉनी, साहिल, बाबू, पृथ्वीराज, धर्मपाल, मोहन, ओमबीर, दीप कुमार, पवन आदि ने बताया कि हर सीजन में नाले के पानी से उनकी फसलें खराब हो रही है। फिलहाल कुछ किसानों ने नाले के पास बड़ी मेढ बनाकर पानी को खेतों में आने से रोका हुआ है, लेकिन वह स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने बताया कि वे यह समस्या एसडीएम बराड़ा, मुलाना विधायक और अन्य अधिकारियों को बता चुके हैं, परंतु समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई हैं। किसानों ने यह भी बताया कि उन्होंने सीएम विंडो का तीन बार सहारा लिया, जबकि यहां से भी राहत नहीं है। किसान कृपाल सिंह, हरजिंद्र सिंह, सतनाम, जगदीप सिंह, फकीरचंद, ज्वाला राम, बलबीर, राजकुमार, गुरमेल, सुरता, जोगिंद्र, कर्ण सिंह की फसलें प्रभावित हो रही हैं।
समाधान के लिए प्रशासन ने हरसंभव कोशिश की है। किसानों के दोनों पक्षों में सहमति कर समाधान निकालने की भी कोशिश की गई थी। वहीं उच्च अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया है, जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।
- गिरीश कुमार, एसडीएम बराड़ा