अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मदन पाल राणा ने सोमवार को अपने दर्जनों साथियों सहित एसपी ऑफिस पहुंच सस्पेंड हुए सीआईए टू के इंचार्ज संदीप कुमार मोर के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर डीएसपी को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि वह एसपी से मिल कर कार्रवाई की गुहार लगाएंगे। इस दौरान मदनपाल का कहना था कि जिन तीन युवकों को सीआईए टू की टीम ने तीन दिन से हिरासत में रखा था और नकली नोट की डाई बरामद करने की बात कही जा रही थी। उस मामले में इंचार्ज संदीप कुमार को सस्पेंड करने के अलावा उनके खिलाफ केस भी दर्ज करने चाहिए। मदनपाल राणा ने आरोप लगाया कि बीते दिनों नारायणगढ़ में एक वीडियो और फोटो वायरल हुई है जिसमें एक भाजपा नेता डीएसपी ऑफिस में उनकी कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन की मांग है कि इस पूरे मामले की भी जांच होनी चाहिए कि वह किस अधिकार से डीएसपी की कुर्सी पर बैठे हैं। इस दौरान भाकियू प्रदेश अध्यक्ष मदन पाल राणा के साथ प्रदेश सचिव विक्रांत शर्मा, जसविंदर सिंह, मनीष, सुखविंदर, रिंकू शर्मा जगमाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
18 अगस्त को एसपी ने किया था सस्पेंड
पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने 18 अगस्त की शाम को अचानक सीआईए-2 स्टाफ अंबाला को चेक किया था। वहां नकली नोटों का लेनदेन करने वाले तीन व्यक्तियों को बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति से रखा गया था। इस कार्य में लापरवाही करने वाले निरीक्षक संदीप कुमार मोर, कार्यभारी सीआईए टू, एएसआई राम कुमार, ईएएसआई सुरेंद्र कुमार को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करके पुलिस लाइन भेज दिया था। इतना ही नहीं उनके खिलाफ विभागीय जांच भी खोली गई थी जोकि डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में अभी चल रही है।