इंजनों के बीच फंसकर रेलकर्मी की मौत, परिजनों का हंगामा
अंबाला कैंट। अंबाला कैंट के रेलवे यार्ड में शुक्रवार को कर्मचारी और नग्गल इलाके में विवाहिता की मौत पर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। रेलवे कर्मचारी की हादसे में मौत के मामले में जहां परिजनों ने अन्य साथियों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए रेलवे अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया, वहीं विवाहिता की मौत पर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर विवाहिता को प्रताड़ित करने व गला दबाकर मारने के आरोप लगाए हैं। दोनों ही मामलों ने परिजनों की शिकायत पर जीआरपी व इलाका पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैंट रेलवे स्टेशन यार्ड में वीरवार देर रात शंटिंग के दौरान दो इंजनों में फंसकर रेलवे कर्मी की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने रेल प्रशासन व साथी कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। बताया जाता है कि रेेल इंजन को शंटिंग करवाते हुई रेलवे कर्मचारी की ट्रेन के बीच में फंसने से मौत हुई। परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीबन एक घंटे तक रेलवे अस्पताल में जमकर रोष जताया और स्टाफ को कामकाज तक नहीं करने दिया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ व जिला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिजन शांत हुए। देर शाम जीआरपी ने इस मामले में दो इंजन चालक, दो शंट मैन व एक यार्ड मास्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। सुबह अस्पताल में हंगामा होने पर जीआरपी के डीएसपी शीतल सिंह ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया।
मृतक शंट मैन रेलवे कॉलोनी निवासी शंक र रेलवे यार्ड में शंटिंग का काम करता था। बताया जाता है कि शंकर अन्य साथियों के साथ वीरवार रात दो रेल इंजनों की शंटिंग कर रहा था कि अचानक हादसा होने से वह इंजन के बीच दबकर लहूलुहान हो गया। उसे अन्य साथियों ने तुरंत निकाला और रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद शंकर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता हेमंत कुमार ने आरोप लगाया कि यह महज एक हादसा नहीं है। उनके बेटे के साथ काम कर रहे अन्य कर्मचारियों की लापरवाही का नतीजा है कि उनका बेटा शंकर दोनों इंजनों की बीच फंस गया। उनकी मांग थी कि रेल इंजन चालक व साथी कर्मचारियों की लापरवाही बरतने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए। जीआरपी थाना प्रभारी रामबच्चन का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर दो इंजन की शंटिंग कर रहे राज कुमार व मनोज सिंह और दो शंटमैन जिले सिंह, दीपक और यार्ड मास्टर के खिलाफ भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने व अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विवाहिता की फंदा लगाने से मौत, परिजन बोले हत्या हुई
अंबाला कैंट। नग्गल में वीरवार रात एक विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जैसे ही विवाहिता की मौत की जानकारी परिजनों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर विवाहिता का गला घोटकर उसे मारने के आरोप लगाए। सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और ससुराल पक्ष की शिकायत पर विवाहिता का कैंट सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। बताते हैं कि विवाहिता तीन माह से गर्भवती थी।
पुलिस जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह का कहना है कि गुरुवार देर शाम सूचना मिली थी कि विवाहिता नन्यौला निवासी नरेंद्र कौर (25) ने पंखे से चुन्नी का फंदा लगा लिया है। जैसे वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि विवाहिता को परिजनों ने नीचे लिटा रखा था और महिला के गले पर भी फंदे के निशान बने हुए थे। नरेंद्र कौर की शादी पिछले साल ही नग्गल निवासी रणधीर सिंह से हुई थी। पुलिस को दी शिकायत में विवाहिता के भाई गुरध्यान सिंह ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया कि शादी के बाद से नरेंद्र के साथ ससुराल पक्ष की ओर से बुरा व्यवहार किया जाता था। उसका कहना था कि नरेंद्र कौर ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन गला घोटकर हत्या की है। विवाहिता का पोस्टमार्टम सीन ऑफ क्राइम से डॉ. कुलविंद्र सिंह की देखरेख में करवाया गया है, ताकि मौत के असल कारणों का खुलासा हो सके। वहीं, मृतक के परिजनों की शिकायत पर विवाहिता के पति रणधीर सिंह, जेठ मनदीप व ससुर गुरचरण के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।