अंबाला। आरपीएफ ने ट्रेन नंबर 11077 पूना-जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस में यात्रा कर रही 15 वर्षीय किशोरी को छावनी रेलवे स्टेशन पर सकुशल सुरक्षित संरक्षण में लिया। किशोरी ने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की बात स्वीकार की है।
मामले के अनुसार, आरपीएफ को रेल मदद के जरिये ट्रेन में एक किशोरी के अकेले होने की सूचना मिली। ऑन-ड्यूटी टीटीई अरविंद की ओर से दिए गए संदेश के बाद छावनी स्टेशन पर आरपीएफ पहुंची। ट्रेन के रुकते ही आरपीएफ ने किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा और आरपीएफ पोस्ट पर ले आए।
आरपीएफ पोस्ट पर महिला काॅन्स्टेबल की देखरेख में किशोरी से पूछताछ की गई। किशोरी ने अपने नाम और मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में गांव के बारे में बताया। किशोरी ने बताया कि परिजनों की डांट के बाद वह अपनी मर्जी से घर से भागकर आई है। आरपीएफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जिला युवा विकास संगठन के पदाधिकारी अजय तिवारी को सूचना दी। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। यहां से किशोरी को सुरक्षित शेल्टर होम भेज दिया गया है। वहीं किशोरी के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश तेज कर दी गई है।