अंबाला। छावनी बस स्टैंड के बाहर ढाबे पर खाना लेने गए कार पार्किंग के कारिंदे के साथ मारपीट करने और बंदूक दिखाकर 15 हजार रुपये की नकदी छीनने का मामला सामने आया है। लालकुर्ती चौकी पुलिस ने मामले में आरोपी राठी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित तरुण ने पुलिस को 26 जुलाई को शिकायत दी थी। बोह गांव निवासी तरुण ने बताया कि वह छावनी रेलवे स्टेशन स्थित कार पार्किंग में काम करता है। 22 जुलाई की मध्यरात्रि वह खाना लेने के लिए पार्किंग से बाहर ढाबे पर गया। वह ढाबे के बाहर रखी कुर्सी पर बैठ गया।
इस दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक आए। वे उसके साथ गाली गलौज करने लगे और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच एक कार आई। बदमाशों ने घसीटकर उसे कार में डाल लिया। इनमें से एक युवक ने बंदूक दिखाकर उसके मुंह पर कपड़ा डाल दिया। रास्ते में उसकी जेब से पार्किंग की क्लेक्शन के 15 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसे सैनिक विश्राम गृह के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी पीड़ित ने मालिक को दी। शिकायत के बाद थाना पड़ाव पुलिस ने एक अगस्त को राठी व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं लाल कुर्ती चौकी प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।