अंबाला। कसेरला खुद निवासी सतविंद्र कौर से कनाडा भेजने के नाम पर महिला से 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। 28 लाख रुपये लेकर आरोपी विकास ने समझौता दिया था और पहले दो बारी में 15 लाख रुपये ले लिए थे। बाद में फर्जी कागजात थमा दिए। महेश नगर पुलिस ने विकास शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कसेरला खुर्द निवासी सतविंद्र कौर ने बताया कि सितंबर 2022 में रिश्तेदार हरदीप सिंह ने आरोपी विकास शर्मा से बातचीत की थी। आरोपी ने 40 दिन में कनाडा भेजने की बात की थी और इस काम के लिए उसने 28 लाख रुपये में बात की थी। 5 लाख रुपये अपने व अपने पिता के खाते में लिए। 10 लाख रुपये नकद लिए थे। इसकी रसीद दी गई थी वो भी उपलब्ध है। बाकी 13 लाख रुपये कनाडा जाकर देने को कहा था।
आरोपी ने उसे फर्जी कागजात दिये, जिसके कारण कोई काम ना हो सका। पैसे वापस मांगे तो पहले टाल-मटोल करता रहा, अब फोन उठाना तक बंद कर दिया। घर पैसे मांगने के लिए गई तो वो गाली-गलौज करते हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने ओर लोगों के साथ भी इसी तरह से धोखाधड़ी की है। 15 लाख रुपये हड़पने के अलावा परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी है।