नगर परिषद ने 14 परियोजनाओं के लिए जारी की निविदाएं, महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा होगी स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य होंगे ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। परिषद ने शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 14 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। इन कार्यों में गलियों के निर्माण से लेकर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने तक की परियोजनाएं शामिल हैं।
परिषद की ओर से जारी सूची के अनुसार, सबसे बड़ी परियोजना महाराणा प्रताप की घोड़े पर सवार कांस्य प्रतिमा की स्थापना का है, इस पर लगभग 46.97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए वेलकम एंट्री गेट की मरम्मत पर 4.25 लाख रुपये और विभिन्न स्थानों पर मैनहोल व जीटी फ्रेम लगाने के लिए 3.20 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
वार्डों की गलियों और धर्मशालाओं पर भी ध्यान
वार्ड-32 के तहत बीसी बाजार में धोबी समाज धर्मशाला के काम को पूरा करने के लिए 13.78 लाख रुपये की निविदा जारी की गई है। इसी प्रकार वार्ड-11 के तहत श्मशान घाट में वेटिंग शेड और इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 5.95 लाख रुपये, वार्ड-15 के तहत राम नगर में पीवीसी पाइप लाइन डालने के लिए 2.36 लाख रुपये, वार्ड-06 के तहत शाम नगर में नाले और गलियों में आरसीसी पाइप डालने पर 38.21 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा अन्य कार्याें के तहत एमआरएफ सेंटर की मरम्मत, आंबेडकर चौक का निर्माण और संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा के पास हॉल का निर्माण भी सूची में शामिल है।
समस्याओं का होगा समाधान
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए निविदाएं जारी की गई हैं। कुछ कार्याें से जुड़ी निविदाएं 5 फरवरी तो कुछ 9 फरवरी तक भरी जा सकेंगे। विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निविदाएं प्रक्रिया पूरी होते ही काम अलॉट कर दिए जाएंगे ताकि तय समय सीमा में वार्डों की समस्याओं का समाधान हो सके।