कारगिल शहीद नरेश की याद में रक्तदार शिविर, 65 यूनिट रक्त एकत्रित
शहजादपुर। कारगिल युद्ध में ऑपरेशन विजय के दौरान शहीद हुए गांव पतरेहड़ी के शहीद नरेश कुमार सैनी की शहादत को श्रद्धांजलि देते हुए जिला युवा विकास संगठन द्वारा शिव मंदिर पतरेहड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहीद की माता कमला देवी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रही। एसएचओ नरेन्द्र कुमार राणा विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन प्रधान तरूण कौशल व नारायणगढ़ प्रभारी वीरप्रताप बधौली ने की। गांव पतरेहडी के युवा प्रताप चौहान, शुभम शर्मा व शिवम चौहान के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 65 युवाओं ने रक्तदान कर शहीद नरेश कुमार सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिनमें आठ होमगार्ड के जवान भी शामिल हैं। शिविर में शिव मंदिर कमेटी व समस्त ग्राम वासियों का सहयोग रहा। शहीद के भाई उमराव सैनी ने भी रक्तदान किया। शहीद की माता कमला देवी ने नरेश कुमार के जीवन के विभिन्न पहलुओं से युवाओं को अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहकर राष्ट् व समाज सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया की युवा देश की सेना में शामिल हो देश की रक्षा में अपना योगदान दें। एसएचओ नरेंद्र राणा ने कहा कि देश सदैव उन वीर सैनिकों का ऋणी रहेगा जिन्होंने विकट परिस्थितियों में अपना बलिदान देकर भारत मां के मस्त िष्क को ऊंचा बनाए रखा। शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी प्रण लें कि राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए राष्ट्रहित में अपने कार्य करेंगे।