अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। चंडीगढ़ से अंबाला आने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 64564 के समय में रेलवे ने तब्दीली कर दी है। अब पुराने समय पर ही ट्रेन शाम 6:35 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से अंबाला के लिए रवाना होगी। सोमवार को अंबाला रेल मंडल मुख्यालय द्वारा इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और मंगलवार से ट्रेन 6:35 बजे ही चंडीगढ़ से चलेगी। बता दें कि 15 अगस्त को रेलवे ने नया टाइम टेबल जारी किया था, जिसमें पैसेंजर ट्रेन नंबर 64564 का समय परिवर्तित करते हुए इसे शाम को छह बजे कर दिया था। दैनिक यात्रियों से जुड़ी इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद यात्रियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाए थे और मामले को लेकर डीआरएम के नाम ज्ञापन तक सौंपा गया था।
पैसेंजर ट्रेन के समय में यह हुआ परिवर्तन
चंडीगढ़ से अंबाला कैंट आने वाली पैसेंजर ट्रेन के समय में 35 मिनट का समय परिवर्तन किया गया है। ट्रेन चंडीगढ़ स्टेशन से पहले शाम को छह बजे चलती थी जोकि अब 35 मिनट लेट यानि 6:35 बजे चलेगी। घग्गर स्टेशन पर ट्रेन 6:45 बजे पहुंचेगी जोकि पहले 6:10 बजे पहुंचती थी। इसी प्रकार दप्पर स्टेशन पर ट्रेन 6:55 पर पहुंचेगी जोकि पहले 6:21 मिनट पर पहुंचती थी। धूलकोट स्टेशन पर अब ट्रेन शाम 7:11 बजे पहुंचेगी जोकि पहले 6:38 बजे आती थी। कैंट स्टेशन पर ट्रेन 7:30 मिनट बजे पहुंचेगी जोकि पहले 7:15 बजे पहुंचती थी।
हजारों यात्री झेल रहे थे परेशानी
बता दें कि चंडीगढ़-अंबाला पैसेंजर ट्रेन के चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से शाम के समय चलने पर यात्रियों को आपत्ति थी। 15 अगस्त से रेलवे ने ट्रेन का समय शाम छह बजे कर दिया था। दैनिक यात्रियों का तर्क था कि अंबाला से चंडीगढ़ अप-डाउन करने वाले अधिकतर दैनिक यात्री प्राइवेट जॉब करते हैं और छह बजे तो ऑफिस से उनकी छुट्टी होती है। ऐसे में वह शाम को छह बजे कैसे पैसेंजर ट्रेन पकड़ सकते हैं। 15 अगस्त से पहले इस ट्रेन के चलने का समय शाम 6:35 बजे ही था और यात्रियों ने पुराने समय पर ट्रेन को चंडीगढ़ से चलाने की मांग की थी। इस मांग को लेकर दैनिक यात्रियों ने ट्रेन में हस्ताक्षर अभियान चलाया था। एक ज्ञापन डीआरएम अंबाला के नाम तैयार किया गया था जिसपर सैकड़ों दैनिक यात्रियों ने हस्ताक्षर किए थे। गत दिनों आठ पेजों का यह ज्ञापन रेल मंडल के अधिकारियों को सौंपा गया था। यात्रियों को डीआरएम ने आश्वासन दिया था कि जल्द इस मामले में कार्रवाई होगी। यात्रियों की इस मांग को अमर उजाला ने भी प्रमुखता से उठाया था जिसपर अब संज्ञान लेते हुए रेलवे ने पैसेंजर ट्रेन के समय में तब्दीली कर दी है। उधर, रेलवे द्वारा पैसेंजर ट्रेन के समय में तबदीली करने पर दैनिक यात्री राजीव शर्मा, सुशील कुमार, आशीष गुप्ता, मनप्रीत सिंह, जगविंद्र सिंह, दीपक बत्तरा व अन्य ने रेल अधिकारियों का आभार भी जताया है।
..................
दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पैसेंजर ट्रेन के समय में परिवर्तन कर दिया है। अब चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन शाम 6:35 बजे ही चलेगी। इससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।
प्रवीण गौड़ द्विवेदी, सीनियर डीसीएम, अंबाला रेल मंडल।