कैंट रेलवे स्टेशन पर भीख मांगते नौ बच्चों और एक युवती को पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। यहां रेलवे स्टेशन पर पंचकूला से आई पुलिस टीम ने छापा मारा। इस दौरान भीख मांगते और घूमते हुए युवती और नौ बच्चों को पकड़ा। चाइल्ड केयर कमेटी की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई।
पंचकूला से सब इंस्पेक्टर राजेश की अगुवाई में मंगलवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान नौ बच्चों और एक युवती को पकड़ा। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन पर कुछ बच्चों से युवती भीख मंगवाने का काम कर रही है। हालांकि बच्चों ने इस बारे में कोई आरोप नहीं लगाया है। कुछ बच्चों ने बताया कि वे दो महीने से घर से आए हुए हैं और यहां जूते पॉलिश करके अपना पेट भर रहे हैं। बच्चों में कोई पंजाब तो कोई राजस्थान का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान एएसआई राजकुमार, बलविंद्र, कर्मचंद, सब इंस्पेक्टर मुकेश रानी व कविता के साथ चाइल्ड केयर कमेटी की सदस्य ईशप्रीत सिंह व गजेंद्र मौके पर रहे।
साहब! पिता की पिटाई से भागकर स्टेशन पहुंचा
बिंजलपुर गांव निवासी एक लड़के ने बताया कि वह पिता की पिटाई के कारण अंबाला रेलवे स्टेशन पर पहुंचा है। बिना किसी कारण उसका पिता उसे पीटता था। वह यहीं लोगों से मांगकर दो माह से अपना गुजर बसर कर रहा है।