अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। वीरवार को अंबाला कैंट के इंदिरा चौक पर पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान चलाया। यमराज के गेटअप में वाहन चालकों को हेलमेट का महत्व समझाया और ट्रैफिक नियम अपनाने के लिए कहा। इस दौरान लोगों ने भविष्य में ट्रैफिक नियम अपनाने का भरोसा दिलाया। अंबाला कैंट के इंदिरा चौक पर वीरवार सुबह यमराज के गेटअप में एक व्यक्ति को सड़क पर देखकर लोग हैरान रह गए। जो भी बिना हेलमेट के आया, उसे यमराज ने रोका और अपने ही अंदाज में लोगों को समझाना शुरू कर दिया। यहां पर एसएचओ ट्रैफिक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सबसे अधिक युवा वर्ग इस दौरान बिना हेलमेट के दिखाई दिया। साथ ही अन्य नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। वीरवार को पुलिस द्वारा यह जागरूकता अभियान चलाया गया, जबकि आगे पुलिस ट्रैफिक नियम न मानने वालों पर कार्रवाई करेगी।
पुलिस जनता के काट रही चालान, चेकिंग पोस्ट के पास ही अवैध पार्किंग
ऑटो चालकों ने बना रखे हैं अवैध स्टैंड, कैंट सिविल अस्पताल के बाहर लगा रहता है जमावड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। एक ओर पुलिस जनता के चालान काट रही है, वहीं पुलिस चेकिंग प्वाइंट के पास ही हाईवे किनारे अवैध रूप से ऑटो चालकों ने अपने वाहन खड़े किए हुए हैं। दूसरी ओर, कैंट सिविल अस्पताल गेट के बाहर भी सवारियां उठाने को लेकर ऑटो चालकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
यह है स्थिति
अंबाला कैंट के कुछ प्वाइंट्स ऐसे हैं, जहां पर अवैध रूप से ऑटो चालकों ने पार्किंग बना रखी है। इसमें से एक तो हाईवे किनारे ही है। इन प्वाइंट्स से आटो चालकों को हटाने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। यह प्वाइंट्स ऐसे हैं, जहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कैंट गीता गोपाल चौक के पास ही पुलिस ने वाहनों को चेक करने के लिए प्वाइंट बनाया है। इसी के नजदीक अवैध रूप से ऑटो चालक अंबाला-जगाधरी हाईवे पर पार्किंग बना रखी है। इसी तरह इंदिरा चौक, स्टाफ रोड जीपीओ के सामने, ओवरब्रिज के नजदीक, रेलवे स्टेशन के बाहर भी अवैध रूप से यह ऑटो चालक वाहनों को खड़ा कर सवारियों का इंतजार करते हैं।
वीरवार को कैपिटल चौक पर जागरूकता अभियान चलाया गया था, जबकि अब सख्ती की जाएगी। इसी तरह शुक्रवार को खास अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सड़कों के किनारे खड़े कामर्शियल वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
- मुनीष कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस।