राहुल गांधी का भविष्य इटली में सुरक्षित : सांसद कटारिया
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सांसद अंबाला रतन लाल कटारिया ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी का भविष्य इटली में सुरक्षित है। वे रविवार को अंबाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि उत्तर पूर्व के राज्यों के चुनावी नतीजों के दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इटली में होने की चर्चा हुई। इसी पर चुटकी लेते हुए सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि उत्तर पूर्व के चुनावों में भाजपा के पक्ष में परिणामों से भाजपा उत्साहित हैं। वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी इटली में है। ऐसे में लगता है कि राहुल गांधी का भविष्य इटली में ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे संसदीय सत्र बजट पर पूरी चर्चा होगी। इस बार बेहतरीन बजट आया है, जिसके अंतर्गत 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपयों तक के हेल्थ केयर का प्रावधान किया गया है। जल्दी ही स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को पास करते हुए किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा। विपक्ष के पास कहने को कुछ भी नही है। देश जल्दी ही कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ रहा है, जबकि हरियाणा में भी कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा की हजारों एकड़ जमीन का गोलमाल कर दिया।