अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। फेडरेशन आफ सीनियर सिटीजंस/पेंशनर्स एसोसिएशन हरियाणा ने पेंशनर्स की मांगों को वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के सामने उठाया है। इसी को लेकर जहां पत्र लिखा है, वहीं एसोसिएशन की बैठक प्रधान बलदेव राज आनंद की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दिए गए सातवें वेतन आयोग का फायदा उन पेंशनर्स को ज्यादा नहीं हुआ है, जो वर्ष 2006 से पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। ऐसे पेंशनर्स को सातवें वेतन आयोग का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पेंशनर्स का मेडिकल भत्ता 500 रुपये बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह किया जाए, कम्यूटेशन का ब्याज प्रतिशत भी दुरुस्त किया जाए, पंजाब और हिमाचल के वरिष्ठ सेवानिवृत्त नागरिकों को 65 साल की आयु में मूल वेतन का पांच प्रतिशत, 70 साल पर 10 प्रतिशत और 75 साल पर 15 प्रतिशत का लाभ दिया जाए। इसी को लेकर एक पत्र वित्त विभाग सहित सीएम को भी भेजा गया है। उन्होंने अनुरोध किया कि इन मांगों को पूरा किया जाए। बैठक में एसोसिएशन पदाधिकारियों सहित कई अन्य मौजूद रहे।