नारायणगढ़। आल हरियाणा पीडब्लयूडी मेकैनिकल कर्मचारी यूनियन का कार्यकर्ता जिला सम्मेलन बुधवार को नारायणगढ़ में स्थित संगठन कार्यालय में हुआ। जिला प्रधान रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में संगठन के प्रांतीय महासचिव नरेंद्र धीमान ने विशेष रूप से भाग लिया। नरेंद्र धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा कर्मचारी महासंघ के शिष्टमंडल के साथ पूर्व में मुख्यमंत्री आवास पर कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत हुई थी। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने मानी हुई मांगों को आज तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी वायदे भी पूरे नहीं किए और विभागों को समाप्त करने के लिए निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन सभी कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ तथा मानी हुई मांगों को लागू करवाने हेतू आगामी 20 अगस्त को आक्रोश रैली में हरियाणा कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव राजेश कौशिक ने किया। सम्मेलन में प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय, प्रांतीय उपमहासचिव चमन लाल, प्रेस सचिव अनिल कुमार, राम करण, धर्मपाल, लाभ सिंह, रणधीर सैनी, राज कुमार, हरीश कुमार, सुशील कुमार, रूपचंद, रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।