नारायणगढ़। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की रिहर्सल मंगलवार को नई अनाज मंडी में हुई। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लड़के नारायणगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतरेहड़ी, डीएवी पब्लिक स्कूल नारायणगढ़, पैरामाउंट कान्वेंट स्कूल अकबरपुर व सेंट फ्रांसिस अकादमी कालाअंब के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रिहर्सल के प्रति प्रशासन की बेरुखी का आलम यह था कि नई अनाज मंडी के शेड में शिक्षकों के लिए एक भी कुर्सी व विद्यार्थियों के लिए कोई सुविधा मौजूद नहीं थी। प्रथम रिहर्सल से हरियाणा पुलिस की टुकड़ी नदारद रही। मौके पर परेड कमांडर न होने के कारण पीटीआई शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परेड करवाई। भारी बारिश के बीच विद्यार्थी नई अनाज मंडी के शेड में रखी बोरियों के आसपास ही रिहर्सल करते नजर आए।