नशा रोकने में योगदान देने वाले सम्मानित
अंबाला कैंट। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हरियाणा और रेडक्रास सोसायटी अंबाला की ओर से पंचायत भवन में नशा मुक्ति दिवस पर सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने उन संस्थाओं, अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने पद के दायित्व के साथ-साथ नशे को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बेदी ने कहा कि विश्व स्तर पर नशे का प्रचलन बढ़ा है और देश में भी उसका प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। पंजाब जैसे समृद्ध राज्य नशे के कारण प्रभावित हुए हैं लेकिन हरियाणा में अभी तक स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है। इस मौके पर उन्होंने सर्वश्रेष्ठ नशा मुक्ति केंद्र के तहत जिला रेडक्रास सोसायटी को 50 हजार रुपये का प्रथम, जिला रेडक्रास सोसायटी रोहतक को 30 हजार रुपये का द्वितीय और जनता वेल्फेयर सोसायटी बरवाला (हिसार) को 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ रोग निवारण अभियान वर्ग में गुड़गांव के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. ब्रह्मदीप को 50 हजार रुपये का प्रथम, सर्वश्रेष्ठ जागरूकता अभियान में रेडक्रास सोसायटी पंचकूला को 50 हजार रुपये का प्रथम और युवा स्पोर्ट्स क्लब हिसार को 30 हजार रुपये का द्वितीय, उत्कृष्ट व्यक्तिगत उपलब्धि पेशेवर वर्ग में जिला समाज कल्याण अधिकारी हिसार डा. दलबीर सैनी को प्रथम, फतेहबाद के प्रदीप कुमार को द्वितीय और फतेहाबाद के ही डॉ. एमडी शर्मा को तृतीय पुरस्कार और कैंट के डीएसपी सुरेश कौशिक को नशा रोकने के लिए कारगर कदम उठाने पर सम्मानित किया गया।