पुलिस ने अतिक्रमण हटाया, दुकानदारों ने फिर लगाया
अंबाला कैंट। सदर क्षेत्र इलाके में दुकानों और फड़ी संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण की अब लोगों को आदत डालनी होगी, क्योंकि नगर निगम व पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार की गई कार्रवाई के बावजूद सड़कों पर अतिक्रमण ज्यों का त्यों है। गत दिनों पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाजारों से दुकानों के आगे से कब्जे व फड़ियों को हटवाया था। मगर अब फिर से कब्जे हो गए हैं। प्रशासन है कि हर बार केवल कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करता दिखाई देता है। अतिक्रमण के कारण शहर के मुख्य बाजारों की सूरत तक बिगड़ चुकी है जबकि बाजारों के समस्त दुकानदार का कार्रवाई के दौरान हमेशा तर्क यह रहता है कि बाजारों में एक दूसरे के देखा-देखी अतिक्रमण कर लेते हैं। उधर, बाजारों में अतिक्रमण ट्रैफिक में भी बाधा बनता रहा है जिस कारण हमेशा बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है।
पुलिस भी नहीं दिलवा पा रही अतिक्रमण से छुटकारा
अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर निगम की टीम पुलिस का सहारा ले रही है। खुद डीएसपी सुरेश कौशिक सड़कों पर उतर अतिक्रमण हटवा रहे थे। मगर कार्यवाही का नतीजा अब तक सिफर ही है। अतिक्रमण हटाने को लेकर एसपी ने भी बीते माह सदर थाने में दुकानदारों के साथ बैठक की थी। तब अतिक्रमण हटाने के बड़े दावे हुए थे।
-----
यहां कार्रवाई के बाद भी कोई असर नहीं
1. निकलसन रोड और विजय रत्न चौक पर कार्रवाई के बाद दोबारा से लगी फड़ियों और दुकानदारों ने किए अतिक्रमण
2. बस स्टैंड पर भी एसडीएम सुभाष सिहाग समेत निगम ने हटवाएं थे अतिक्रमण, एक दिन बाद ही दोबारा मिली रेहड़ियां
3. बजाजा बाजार में पुलिस और निगम टीम के बीच अतिक्रमण हटवाने को लेकर बहस हुई, लेकिन कोई असर नहीं
4. रेलवे रोड पर भी सड़कों किनारे लगी रेहड़ियां।
हैवी चालान हो तो मिलेगी अतिक्रमण से राहत
समाजसेवी मदन लाल, सुरेश जोशी, शम्मी चौहान, रोशन लाल, पुरुषोत्तम, अनिल दुआ का कहना है कि केवल बाजारों से बार-बार कार्रवाई और सामान जब्त करने से कोई हल नहीं निकलेगा। प्रशासन को चाहिए कि वह योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही करें और इस दौरान मौजूदा दुकानदारों को तुरंत चालान काट कर दे ताकि दुकानदार हमेशा अतिक्रमण करने से पहले सोचने को मजबूर हो जाए।
वर्जन
अतिक्रमण हटाने को लेकर निगम की ओर से समय-समय पर अभियान चला जा रहा है, अतिक्रमण से निपटने के लिए विभाग पूरी गंभीरता
दिखा रहा है। दोबारा अतिक्रमण हो रहा है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
सतेंद्र दुहन, कमिश्नर, नगर निगम अंबाला