अंबाला सिटी। जिले की सभी राजकीय आईटीआई में रिक्त सीट को 30 सितंबर तक भरा जाएगा। रोजाना सभी राजकीय आईटीआई में ऑन द स्पाट दाखिले किए जा रहे हैं।
रोजाना आवेदन लेने के साथ ही मेरिट के अनुसार दाखिले किए जा रहे हैं, हालांकि संस्थानों में दाखिला लेने में कम ही अभ्यर्थी रुचि दिखा रहे हैं। कई राजकीय आईटीआई में एससीवीटी कोर्स में ज्यादा सीट रिक्त हैं। शहर में राजकीय आईटीआई, राजकीय महिला आईटीआई व छावनी में मूलचंद राजकीय आईटीआई में भी अभी सीट रिक्त हैं। बची सीट पर दाखिले के लिए 15 दिन का समय शेष है।
403 सीटों पर दाखिला
शहर की राजकीय महिला आईटीआई में कुल 544 में से 403 सीट पर दाखिला हो चुका है, जबकि 141 सीट रिक्त हैं। संस्थान प्राचार्य गुरचरण शर्मा ने बताया कि एससीवीटी कोर्स में सीट रिक्त हैं। इनमें ड्रेस मेकिंग, सिविल टेक्नोलॉजी, बेकर एवं कंफेक्शनर, डेंटल लैब टेक्नीशियन कोर्स में ज्यादा सीट रिक्त हैं। रोजाना छात्राएं संस्थान में पहुंच रही हैं।
अब इन सीटों पर होंगे दाखिले
छावनी के मूलचंद राजकीय आईटीआई में कुल 263 सीट हैं। इसमें से 21 सीट अभी रिक्त हैं। संस्थान से ईएस अनुदेशक पवन कुमार ने बताया कि इंस्ट्रूमेंट मेकेनिक एनसीवीटी में पांच, मशीनिष्ट एनसीवीटी में एक, स्टेनोग्राफर और सेक्रेटरियल असिस्टेंट में एनसीवीटी हिंदी में एक, टर्नर एनसीवीटी में चार, वेल्डर एनसीवीटी में दो, वेल्डर एनसीवीटी में आठ सीट रिक्त पड़ी हैं। 30 सितंबर तक इन रिक्त सीटों पर दाखिला किया जाना है। रोजाना ऑन द स्पॉट दाखिला चल रहा है।